बाइक सवार युवकों ने महिला के गले से झपटी सोने की चेन
शहर की योगेश कॉलोनी की घटना, दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। योगेश नगर कॉलोनी में बाइक सवार दो युवकों ने घर के बाहर गली में घूम रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। जब तक महिला कुछ समझ पाती आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शहर की योगेश नगर कॉलोनी निवासी कविता गर्ग ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार की शाम को वह घर के बाहर टहल रही थी। इस दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर परिजन घर से बाहर आए और बाइक का पीछा कर आरोपियों को पकडने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई जयपाल का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।