फैक्ट्री व घर का ताला तोड़ चुराया हजारों का सामान
यमुनानगर। अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने एक फैक्ट्री और घर का ताला तोड़ हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
ज्योतिनगर निवासी रमन सहगल ने थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गांव कामी माजरा में एनएस वुड इंडस्ट्रीज है। 16 नवंबर की रात वह फैक्ट्री बंद कर घर आ गए थे। इस दौरान चोरों ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर आठ मोटर, सात ब्लेड, इनवर्टर, बैटरी, जनरेटर बैटरी, दो चोपर और 15 चोपर के पंखे चोरी कर लिए। इसका उन्हें अगले दिन फैक्ट्री में पहुंचने पर पता चला। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। उधर, दुर्गा गार्डन निवासी राम मूर्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 22 नवंबर को परिवार के सदस्यों के साथ बाहर गए थे। अगली सुबह जब वह घर पहुंचे तो कमरों का लगा ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से तीन हजार रुपये की नकदी व बलेंकेट चोरी थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। वहीं, गांव मलिकपुर बांगर निवासी सुमित कुमार ने बताया कि वह गांव बसातियावाला स्थित हनुमान मंदिर में बाइक पर माथा टेकने के लिए गए थे, जहां से चोरों ने उनकी बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।