बिना नंबर की बाइक पर करते थे स्नेचिंग व चोरी, अवैध हथियारों के साथ सीआईए के हत्थे चढ़े
एक आरोपी को बुडिय़ा चौक व दूसरे को अग्रसेन चौक से किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सीआईए-टू की टीम ने बुडिय़ा चौक व अग्रसेन चौक से अवैध हथियारों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना नंबर की बाइक पर वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी व स्नेचिंग की पांच वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के लिए चोरी व स्नेचिंग करते थे। आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
सीआईए-टू इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की बाइक पर बुडिय़ा चौक से होकर शहर में वारदात को अंजाम देने के लिए आएगा। सूचना के आधार पर एएसआई धर्मपाल के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल, राजिंद्र, कुलदीप, नरेश की टीम का गठन किया गया। टीम ने बुडिय़ा चौक पर जाकर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद एक युवक आता दिखाई दिया, जिसे रूकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस टीम को देख भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान कल्याण नगर निवासी पवन सहगल उर्फ मोहित के नाम से हुई। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका साथी अग्रसेन चौक पर खड़ा है और वह अपने साथी के साथ मिल कर शहर में वारदात करने के लिए जाएंगे। सब इंस्पेक्टर मोहन लाल, रवि प्रकाश, प्रदीप, रविंद्र के नेतृत्व में टीम गठित हुई और टीम ने अग्रसेन चौक पर जाकर इंतजार कर रहे साथी मधुबन कॉलोनी जगाधरी निवासी नितिन को गिरफ्तार किया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से भी एक देसी कट्टा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए।
बॉक्स
पांच वारदातें कबूली :
आरोपी नितिन व पवन ने पूछताछ में अवैध हथियार, स्नेचिंग व चोरी की पांच वारदातें करनी कबूल की हैं। 26 अक्तूबर को मंगलपुरा निवासी एक महिला अपनी सास के साथ अपने बेटे को दवाई दिलाने के लिए बाजार जा रही थी। सैनी पैट्रोल पम्प जगाधरी के सामने दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए और महिला के हाथ से पर्स छीन कर फरार हो गए, जिसमें दो मोबाईल व दो हजार रूपये थे। सात जून को श्रीनगर कालोनी निवासी दो युवतियां एक्टिवा पर सवार होकर इंदिरा मार्केट के सामने से जा रही थी। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए और युवतियों के हाथ से पर्स छीन कर फरार हो गए, जिसमें 20 हजार रुपये, कागजात व एटीएम था। इसके अलावा 26 सितंबर को दोनों आरोपियों ने रात के समय जठनाना स्थित मंदिर में ताला तोड़ कर गुल्लक चोरी कर लिया, जिसमें करीब 12 हजार रुपये थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
बॉक्स
नशे के लिए करते थे चोरी :
सीआईए-टू इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी पवन फैक्टरी में मजदूरी करता है व आरोपी नितिन हलवाई का काम सीख रहा है और वह दोनों नशे के आदी हैं। वारदात करने के बाद दोनों बिना नंबर की बाइक पर उत्तर प्रदेश में नशा करने चले जाते थे। जिस बाईक पर वारदात को अंजाम देते थे, वह बाईक पवन की है। आरोपियों से अभी पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य मामलों के खुल्लासे हो सकें।
फोटो : 36 व 37