इनसो के काफिले पर हमला, सफारी गाड़ी तोड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। मुकंदलाल नेशनल कॉलेज की इनसो कार्यकारिणी के गठन के बाद निकाले गए रोड शो के दौरान कार सवार युवकों ने काफिले में शामिल एक सफारी गाड़ी पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इनेसो कार्यकर्ताओं की ओर से जठलाना पुलिस थाने में शिकायत दी गई है।
इनसो कार्यकारिणी के गठन के बाद इनसो की ओर से रादौर में बाइक और कारों के काफिले के साथ रोड शो निकाला जा रहा था। जब रोड शो आईपीएस स्कूल के पास से गुजर रहा था तो अचानक एक कार से आए कुछ युवकों ने काफिले में शामिल जठलाना गांव की एक सफारी गाड़ी पर तलवारों और गंडासियों से हमला बोल दिया। इसी दौरान रादौर पुलिस के एएसआई मौहक्कम राणा व एएसआई सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अचानक मौके पर पहुंचने पर हमलावर मौके से भाग गए। हमलावरों के हमले से सफारी गाड़ी और एक ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया है। हमले में किसी युवक को चोट नहीं आई है। बाद में पुलिस ने हमलावरों को आसपास के क्षेत्र में खोजने की बहुत कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद इनसो के नवनियुक्त प्रधान कर्मबीर खुर्दबन व अन्य युवकों की ओर से हमलावरों के विरुद्ध थाना रादौर में शिकायत दी गई। कर्मबीर खुर्दबन ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें रोड शो निकालने पर हमला करने की धमकी दी थी। इस बारे में थाना रादौर प्रभारी सब इस्पैक्टर गुरमेलसिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।