बहराइच जा रहा युवक ट्रेन से गिरा, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। मुस्तफाबाद और दराजपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्यालबा फाटक के पास चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त यूपी के बहराइच जिला निवासी भोला के रूप में हुई। भोला अंबाला कैंट में सब्जी की रेहड़ी लगाता था और बुधवार को ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफाबाद और दराजपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्यालबा फाटक के पास एक युवक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के एसआई ऋषिपाल अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि डाउन लाइन पर करीब 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ है। पूछताछ में पता चला कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने से हुई है। मृतक के पास से एक मोबाइल मिला, मोबाइल में डायल किए गए नंबरों पर फोन कर पुलिस ने मृतक युवक की शिनाख्त यूपी के बहराइच जिले के गांव मीरपुर कोनिया निवासी भोला के रूप में की। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया, वीरवार सुबह परिजनों के आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।