संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला युवक का शव
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के गांव तिगरी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि युवक ने फंदे पर लटक कर जान दी है। वहीं, मृतक की बाजू पर एक लड़की का नाम लिखा हुआ था, जिसे तेजधार हथियार से काटा गया था। गले पर भी रस्सी के निशान थे। पुलिस ने फिलहाल डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस का कहना है कि, रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
कलानौर चौकी इंचार्ज कुशल पाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव तिगरी में एक युवक ने सुसाइड कर लिया है। सूचना पर जब वे मौके पर गए थे तो 26 वर्षीय सुरेश कुमार का शव उसके घर के आंगन में पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया। टीम ने आस पास से तथ्य जुटाए। मृतक सुरेश कुमार की एक बाजू पर रज्जी नाम लिखा हुआ था और उस बाजू को नाम वाले स्थान से बुरी तरह से काटा गया था। इसके अलावा मृतक के गले पर रस्सी का निशाना था। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सुरेश ने कमरे में अंदर की कुंडी लगा कर फंदा लगाकर जान दी है। उनका कहना है कि, उसी ने ही अपने बाजू को काटा है। उस समय परिजन गांव में आयोजित भंडारे में गए हुए थे, घर पर कोई नहीं था। उन्होंने आकर शव को नीचे उतारा और घर के आंगन में रख लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
चौकी इंचार्ज कुशल पाल का कहना है कि वह मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। युवक की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों को जानने के लिए पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।