कीचड़ से स्कूटी स्लिप होने से गिरी छात्रा, रेत से भरे ट्रक ने कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सड़कों पर बेपरवाह होकर दौड़ रहे ट्रक रोजाना किसी न किसी की जान ले रहे हैं। अब नेशनल हाईवे 73 पर इस्जैक के पास स्कूटी सवार 12वीं कक्षा की छात्रा को पीछे से आ रहे रेत से भरे ट्रक ने कुचल डाला। भीषण हादसे में मृत छात्रा की खोपड़ी शव से करीब 15 मीटर दूर पड़ी मिली। हादसे के समय छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए पटेल नगर जा रही थी। इस दरम्यान स्कूटी से जा रही छात्रा हाईवे किनारे कीचड़ में फंसकर सड़क के बीच गिर गई, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे रेत से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुराना हमीदा के खानचंद चौक के नजदीक गेरा ट्रांसपोर्ट निवासी मोहन लाल गेरा ने बताया कि उसकी बेटी भूमिका गेरा (17) स्प्रिंग फील्ड स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल से छुट्टी के बाद वह पटेल नगर में ट्यूशन जाती थी। रोज की तरह बुधवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे वह पटेल नगर में ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब छात्रा चंडीगढ़ रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर इस्जैक फैक्ट्री के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे ट्रक को साइड देने के लिए उसने स्कूटी सड़क किनारे की। लेकिन सड़क किनारे कीचड़ होने से छात्रा की स्कूटी स्लिप हो गई। जिससे वह स्कूटी समेत सड़क पर जा गिरी। इस बीच पीछे से तेज गति से आ रहे रेत से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया। ट्रक का पहिया उसके सिर को कुचलता हुए आगे निकल गया। हादसे में छात्रा की खोपड़ी धड़ से अलग होकर करीब 15 मीटर दूर पहुंच गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और छात्रा के बैग की जांच की। बैग से मिली किताबों व अन्य दस्तावेजों के आधार पर छात्रा की शिनाख्त हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोबाइल बन गया मौत की वजह
हादसा होने से पहले भूमिका रोजाना की तरह ट्यूशन पढ़ने के लिए पटेल नगर में पहुंच गई थी, लेकिन मोबाइल घर पर भूल जाने से वह ट्यूशन सेंटर से मोबाइल लेने के लिए दोबारा घर आई। घर से मोबाइल लेकर दोबारा जब वह ट्यूशन जा रही थी तो हादसा हुआ। घटनास्थल से ट्यूशन सेंटर कुछ ही दूर रह गया था। यदि छात्रा दोबारा मोबाइल लेने न जाती तो शायद उसकी जान नहीं जाती।
सड़कों किनारे कीचड़ से कम हुई सड़कों की चौड़ाई
शहर के बीचोंबीच से गुजर रहे नेशनल हाईवे किनारे मिट्टी की परतें जमी हुई हैं। बरसात के बाद सड़क किनारे जमी ये मिट्टी की परतें कीचड़ बन चुकी हैं। इससे सड़कों की चौड़ाई बहुत कम हो चुकी है। बुधवार को हुआ हादसा भी इसी की वजह से हुआ। यदि सड़क किनारे कीचड़ न होता तो शायद हादसा न होता। प्रशासन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
न पुलिस कंट्रोल रूम में फोन उठाया, न ही एंबुलेंस कंट्रोल रूम का मिला नंबर
घटनास्थल पर खड़े लोगों ने बताया कि हादसे के बाद दस मिनट तक वह पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करते रहे, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। वहीं एंबुलेंस कंट्रोल रूम में कई बार फोन लगाया गया, लेकिन व्यस्त आता रहा। इसके बाद उन्होंने विश्वकर्मा चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचित कर हमीदा चौकी में इसकी सूचना दी। इसके बाद हमीदा चौकी से एएसआई सतीश कुमार अन्य पुलिसकर्मी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पुलिस वैन को मौके पर बुलाया और शव को पोस्टमार्टम हाउस में भिजवाया।
ट्रकों का कहर जारी, दस दिन में आठ की मौत
जिले की सड़कों पर ट्रकों का कहर बहुत अधिक बढ़ गया है। हादसों के ग्राफ में रोजाना वृद्धि हो रही है। बीते दस दिनों में हुए हादसों का आंकड़ा देखा जाए तो ट्रकों से सबसे अधिक हादसे हुए हैं। नौ हादसों में से छह हादसे ट्रकों के कारण हुए। जिनमें आठ लोगों की जान चली गई। सबसे अधिक हादसे शहर के बीच से निकल रहे नेशनल हाईवे 73, 73ए व सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर हुए। इसके बाद अन्य मार्गों पर हुए।
दस दिन में हुए मुख्य हादसे
- 11 अगस्त कर रात को जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाईवे पर सरस्वती स्कूल के पास ट्रक की चपेट में आने गंगानगर कॉलोनी निवासी रोहित की मौत हो गई। बाद में परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाया था।
- 12 अगस्त की रात को सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर ममीदी के नजदीक कैंटर ने बाइक सवार दो युवकों व नौ साल के बालक को चपेट में लिया। जिसमें नौ वर्षीय दामला निवासी कर्णसिंह की मौत हो गई।
- 13 अगस्त को सढैल के नजदीक कार की टक्कर से बाइक सवार दराजपुरा निवासी प्रवीण की मौत हो गई।
- 14 अगस्त को जगाधरी पौंटा साहिब हाईवे पर अग्रसेन चौक के नजदीक गुप्ता पैलेस के सामने ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार रायपुरान गली निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर संजय वर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सुधा वर्मा घायल हुई।
- 16 अगस्त को नेशनल हाईवे 73 पर विश्वकर्मा चौक के पास ट्रक की पीछे से टक्कर से बाइक सवार फौजी ममीदी निवासी धर्मेंद्र घायल हो गए, जबकि उसके तीन साल के बेटे रुद्र व 12 साल की बेटी कौशल की मौत हो गई।
20 अगस्त को रादौर जठलाना मार्ग पर रतनगढ़ टी प्वाइंट के पास रेत से भरे ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया। हादसे में मंधार निवासी केशो देवी की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुई।
- 20 अगस्त को नेशनल हाईवे 73 पर कलानौर के नजदीक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सहारनपुर के गांव रामपुर मनियार निवासी दीपक (19) की मौत हो गई। जब उसकी मां अंगूरी देवी घायल हो गई।
- 21 अगस्त की रात को चिट्टा मंदिर रोड पर कार की टक्कर से साइकिल सवार पेपर मिल कर्मचारी मधु कॉलोनी निवासी राजकुमार (55) की मौत हुई।
- 21 अगस्त को साढौरा रोड पर गांव असगरपुर के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से गांव रायपुर रानी 60 वर्षीय प्रेम चंद की मौत हुई।
वर्जन
नेशनल हाईवे 73 पर इस्जैक के नजदीक ट्रक की टक्कर से छात्रा की मौत होने की सूचना पर पुलिस कर्मी मौके पर गए थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया गया है। आरोपी ट्रक चालक फरार है। ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- एएसआई भूपेंद्र सिंह, इंचार्ज, हमीदा चौकी, थाना शहर यमुनानगर।