कार की टक्कर से पेपर मिल कर्मचारी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। शहर के चिट्टा मंदिर रोड पर कार की टक्कर से साइकिल सवार पेपर मिल कर्मचारी की मौत हो गई। कर्मचारी रात करीब 11 बजे अपनी ड्यूटी के लिए पेपर मिल जा रहा था, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मधु कॉलोनी निवासी राजकुमार (55) पेपर मिल में काम करता था। पेपर मिल में उसकी ड्यूटी रात को 12 बजे से सुबह आठ बजे तक थी। रोज की तरह सोमवार रात को वह पेपर मिल में ड्यूटी करने के लिए करीब 11 बजे घर से साइकिल से निकला था। बताया जा रहा है कि, जब वह चिट्टा मंदिर रोड पर पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कार चालक मौके से भाग गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने घायल राजकुमार को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए, यहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।