दो बाइकों की टक्कर में कपूरी कलां के नंबरदार की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बिलासपुर-साढौरा मार्ग पर गांव फतेहगढ़ तुंबी के नजदीक रविवार रात दो बाइकों की टक्कर में नंबरदार की मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक चालक भी हादसे में घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव कपूरी कलां निवासी राजकुमार (55) अपने गांव का नंबरदार था। परिवार का गुजारा करने के लिए वह हिमाचल के कालाआंब स्थित एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड था। रोजाना की तरह रविवार रात को बाइक पर सवार होकर फैक्ट्री से घर लौट रहा था। जब वह साढौरा-बिलासपुर रोड पर फतेहगढ़ तुंबी के मोड़ पर पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। दोनों बाइक चालकों को राहगीर बिलासपुर अस्पताल में ले गए। जहां राजकुमार की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया, जिसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।