कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी-पौंटा हाईवे 73ए पर गांव कलेसर के नजदीक कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गांव बेहडवाला निवासी तेजपाल ने खिजराबाद पुलिस को बताया कि उसका रिश्तेदार यूपी के जिला कानपुर के डेरापुर कानपुर निवासी राज उर्फ लक्ष्मी नारायण (26) अपने दोस्त गगन के साथ उसके घर पर आया हुआ था। दो अप्रैल को वह बाइक पर किसी काम के लिए अपने दोस्त गगन के साथ खिजराबाद आया था। काम समाप्त कर जब वह वापस लौट रहे थे तो रास्ते में जब वह जगाधरी पौंटा नेशनल हाईवे पर गांव कलेसर के नजदीक पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राज और गगन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने राज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। जहां पर गुरुवार देर रात इलाज के दौरान राज की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई जसवंत सिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।