लघु सचिवालय के पास भिड़े दो ट्रक, एक चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। चंडीगढ़ रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर लघु सचिवालय के पास दो ट्रकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
करनाल के असंध निवासी गुरमुख सिंह ने बताया कि वह और यूपी के शामली के गांव दभेड़ी खुर्द निवासी सर्वजीत ट्रक चलाने का कार्य करते हैं। दोनों अपने-अपने ट्रक में बजरी लेने के लिए आ रहे थे। इस दौरान नेशनल हाईवे पर सर्वजीत का ट्रक आगे चल रहा था, उसके पीछे वह ट्रक लेकर आ रहा था। जब वह नेशनल हाईवे 73 पर लघु सचिवालय के नजदीक पहुंचे, तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सर्वजीत गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल सर्वजीत को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते हुए रास्ते में ही सर्वजीत ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर ली है।