महिला पार्षद ने डिप्टी मेयर पर अश्लील फोटो, वीडियो भेजने का लगाया आरोप
यमुनानगर। वार्ड नंबर 12 की महिला पार्षद प्रिया ने डिप्टी मेयर रामपाल पर अश्लील मैसेज, जोक्स और वीडियो भेजने का आरोप लगाया है। पार्षद ने इस संबंध में सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) को इसकी शिकायत दी। इस पर एसपी ने डीएसपी उषा को इस मामले की जांच साैंप दी है।
पार्षद प्रिया ने एसपी को बताया कि, 5 जून को डिप्टी मेयर रामपाल ने उनके मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजी। उस समय महिला पार्षद मेयर के रूम में थी, जबकि डिप्टी मेयर अपने कमरे में थे। महिला पार्षद के मुताबिक, उन्होंने डिप्टी मेयर को मैसेज कर इस प्रकार की फोटो और वीडियो न भेजने को कहा। उन्होंने ओके मैसेज भी किया। इसके बाद 25 जून को डिप्टी मेयर ने फिर उन्हें एक अश्लील जोक भेज दिया। इस पर महिला पार्षद ने डिप्टी मेयर को मैसेज किया कि सर आपको शर्म आनी चाहिए। डिप्टी मेयर की इस हरकत से परेशान महिला पार्षद ने मेयर और अन्य पार्षदों को भी इसकी जानकारी दी। पार्षद के मुताबिक डिप्टी मेयर को जब यह पता चला कि उन्होंने इस बारे में सबको बता दिया है तो वह दूसरे व्यक्तियों से उन्हें फोन करवाकर मामले को तूल न देने का दबाव बनाने लगे। इससे घबरा कर उन्होंने शिकायत की।