विवाहिता के गले से झपटी चेन, सास के विरोध पर धकेला
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी की सरस्वती कॉलोनी के मोड़ पर सत्संग से लौट रही विवाहिता के गले से चेन स्नेचर्स ने चेन झपट ली। साथ चल रही सास ने इसका विरोध किया तो चेन स्नेचर्स ने उसे धक्का दे दिया। पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात बाइक सवार पर केस दर्ज कर लिया है।
जगाधरी की सरस्वती कालोनी निवासी कुंज भट्ट ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वह सास के साथ पंजाबी धर्मशाला में सत्संग में गई थी। सत्संग के बाद वे अपने एक परिचित के साथ सरस्वती कॉलोनी के मोड़ तक बाइक से आ गईं। इसके बाद नेशनल हाईवे 73ए पर जब वे मोड़ से कॉलोनी में जाने लगीं तो बाइक से दो युवक आ गए। इन्होंने बाइक को नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इस बीच एक युवक पैदल ही उनके पीछे आ गया। वह कुछ समझ पातीं इससे पहले युवक ने विवाहिता केगले से सोने की चेन झपट ली। उसकी हरकत देख पीड़िता की सास ने आरोपी को पकड़ा, लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे बाइक के पास खड़े दूसरे युवक के साथ भाग गया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर बुड़िया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ चेन स्नेचिंग का केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई सुभाष चंद का कहना है कि, आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।