फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार से टक्कर मार बाइक सवार तीन दोस्तों को नीचे गिराया तेजधार हथियारों से वार कर एक को उतारा मौत के घाट

विज्ञापन
विज्ञापन
कार से टक्कर मार बाइक सवारों को गिराया, एक को काट डाला
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बीकेडी रोड पर गांव शहजादपुर के पास कार सवार पांच युवकों ने फिल्मी स्टाइल में एक युवक को काट डाला। फतेहगढ़ पुल के पास नहर से नहा कर लौट रहे बाइक सवारों को पहले कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। बाद में एक युवक को कुल्हाड़ी और तेजधार हथियारों से काट डाला। इस दरम्यान एक आरोपी दूसरे साथी की कनपटी पर गन ताने रहा। आरोप है कि, लुढ़कर खाई में गिरे युवक को भी आरोपियों ने तलाशा, मगर कामयाबी न मिलने पर चले गए। पुलिस के मुताबिक, रंजिश में हत्या की गई है। इससे पहले दूसरे पक्ष पर हमला करने में मंदीप और उसके चार अन्य साथियों पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार सवार पांचों युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जगाधरी के लोहारान मोहल्ला निवासी मंदीप (19) रविवार सुबह अपने दोस्त गांधी नगर निवासी साहिल, जोहड़ीपुर निवासी अंकित और गांधी धाम निवासी विशाल के साथ फतेहगढ़ पुल के पास नहर में नहाने गया था। नहर में नहाने के बाद अचानक गांधी नगर निवासी साहिल को उसके घर से फोन आ गया। वह बाइक लेकर वहां से अपने घर आ गया, जबकि बाकी तीनों दोस्त नहर में ही नहाते रहे। कुछ देर बाद दो बाइक पर तीनों दोस्त घर लौट रहे थे। एक बाइक पर मंदीप था, जबकि दूसरी बाइक से अंकित और विशाल आ रहे थे। तीनों दोस्त जब बीकेडी रोड पर गांव शहजादपुर के पासपहुंचे तो पीछे से अल्टो कार से पांच युवक आ गए। आरोपियों ने कार से दोनों बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। हादसे में मंदीप बाइक समेत सड़क पर ही गिर गया, जबकि अंकित, विशाल सड़क किनारे गिर गए। सड़क किनारे गिरा अंकित लुढ़कता हुआ खाई में गिर गया और झाड़ियों में छिप गया। आरोप है कि, इसके बाद कार से पांच युवक बाहर निकले। इनके हाथ में देसी पिस्टल, कुल्हाड़ी और अन्य तेजधार हथियार थे। एक युवक ने विशाल की कनपटी पर पिस्टल रख दी, बाकी युवकों ने मंदीप पर हमला कर दिया। आरोपियों ने इस दौरान कुल्हाड़ी और अन्य तेजधार हथियारों से उसके सिर और शरीर पर प्रहार कर डाले। इसमें मंदीप की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, मंदीप की हत्या के बाद आरोपियों ने झाड़ियों में छिपे अंकित को भी तलाशा, मगर अंकित के न मिलने पर चले गए।
विज्ञापन

वारदात के बाद लगा जाम
महज दस मिनट में वारदात को अंजाम देकर आरोपी आराम से कार से लौट गए और राहगीर तमाशबीन बने रहे। हमलावरों के चले जाने के बाद मौके पर भीड़ लग गई। जिससे बीकेडी रोड पर जाम लग गया। घटना की सूचना बुड़िया एसएचओ सुभाष बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदीप के शव व उसके दोस्तों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मंदीप के मृत होने की पुष्टि की, जबकि उसके घायल दोस्तों का उपचार कराया।
सिविल अस्पताल में युवकों ने किया हंगामा
पुलिस ने मंदीप की मौत के बाद उसका पीएम हाउस में रखवा दिया था, जबकि घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया। इधर, वारदात का पता चलते ही मंदीप के अन्य दोस्त और परिजन भी ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। जिससे ट्रॉमा सेंटर में भीड़ लग गई। इस दौरान मंदीप के दोस्तों और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा कर दिया। डॉक्टरों ने मौके पर पुलिस को बुलाया और पुलिस ने पांचों युवकों पर हत्या का केस दर्जकर युवकों को शांत किया।
विज्ञापन

चार जुलाई को बुड़िया चौक पर हुआ था दोनों पक्षों में झगड़ा
बतां दें कि चार जुलाई को बुड़िया चौक पर अमादलपुर निवासी प्रिंस के साथ मनदीप, अमित उर्फ बाबू, अंकित उर्फ लालू, साहिल पंडित और मन्नी राणा का झगड़ा हुआ था। झगड़े में प्रिंस घायल हो गया था। उस समय पुलिस ने मंदीप, अमित, अंकित, साहिल और मन्नी को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि रंजिश के चलते दोनों गुटों में पहले भी कई बार झगड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि, हाल ही में दोनों पक्षों में कुछ लोगों ने समझौता करा दिया था, मगर दूसरा पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें