पूर्व पार्षद पुष्पलता के पति एवं कारोबारी रघुनाथ प्रजापति को महिला समेत कुछ बदमाशों ने उसके शोरूम के बाहर से कार में अगवा कर लिया। बदमाश कारोबारी को करनाल ले गए। जहां बदमाशों ने उससे मारपीट कर कारोबारी से सोने की चार अंगूठियां, मोबाइल व पांच हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश उसे करनाल के झिलमिल ढाबे के पास फेंककर फरार हो गए। किसी तरह व्यापारी ने घर संपर्क किया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित पूर्व पार्षद की शिकायत पर एक महिला सहित चार लोगों पर अपहरण, मारपीट व लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी रघुनाथ प्रजापति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका अमर मार्केट जगाधरी वर्कशॉप रोड के पास श्री गणपति विजन के नाम से शोरूम है। चार नवंबर शाम करीब सवा सात बजे एक कार उसके शोरूम के सामने आकर रुकी। इसके बाद कार में सवार तीन युवक व एक महिला ने उसे अपने पास बुलाया। उन्होंने कहा कि हमने आपसे बिजनेस से संबंधित बातचीत करनी है। वह उनकी कार की खिड़की के पास खड़ा होकर बातचीत करने लगा तो युवकों ने उसे धक्का देकर कार की पिछली सीट पर गिरा लिया। इसके बाद आरोपी उसे करनाल में सुनसान स्थान पर ले गए और उससे मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान आरोपी एक व्यक्ति को सोमवीर राणा व महिला को कोमल नाम से पुकार रहे थे। मारपीट के बाद आरोपियों ने उससे सोने की चार अंगूठियां, मोबाइल व पांच सौ रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसे हाइवे पर झिलमिल ढाबे के पास छोड़ कर फरार हो गए। इसके बाद उसने ढाबे पर काम करने वाले एक लड़के का फोन लेकर अपनी पत्नी को घटना के बारे में जानकारी दी। रात करीब एक बजे उसकी पत्नी पुष्पलता व उसका लड़का अनुराग अपनी गाड़ी लेकर झिलमिल ढाबे पर पहुंचे। उसकी पत्नी व बेटा उसे कार में लेकर यमुनानगर आए और सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे उपचार दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने रघुनाथ की शिकायत पर एक महिला समेत चार अज्ञात लोगों पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
जांच अधिकारी एसआई सतीश कुमार का कहना है कि रघुनाथ की शिकायत पर अज्ञात महिला व तीन अन्य युवकों पर अपहरण व लूट का केस दर्जकर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।