पूर्व पार्षद पुष्प लत्ता के पति एवं कारोबारी रघुनाथ प्रजापति की हत्या के आरोप में सीआईए वन की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फतेहगढ़ निवासी रौनक व मनीष उर्फ लाखन और पातालपुरी निवासी अरुण के रूप में हुई। आरोपियों ने काला राणा के इशारे पर ही रघुनाथ की हत्या की बात पुलिस पूछताछ में स्वीकार की है। वारदात में भूप्पी राणा भी शामिल बताया जा रहा है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार किए तीनों आरोपियों का कोविड टेस्ट व मेडिकल करवाया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें पांच दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग मोबाइल, वाहन व हथियार बरामद किए जाएंगे।
सीआईए वन इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रौनक व मनीष ने गोली मारकर रघुनाथ की हत्या की थी। जबकि आरोपी अरुण ने उनकी मदद की थी। आरोपी हत्या से दो दिन पहले 26 अगस्त को शहर में आ गए थे। इस दिन अरुण ने आरोपियों को अपनी एक्टिवा पर बैठाकर बुड़िया छोड़ा था। बुड़िया में मनीष उर्फ लाखन उन्हें अपने कार्यालय ले गया। जहां उनकी खातिरदारी की गई। इसी तरह कांसापुर के भूप्पी राणा का दोस्त रौनक भी मनीष के ठिकाने पर पहुंच गया। मनीष व रौनक ने हत्या आरोपियों को पनाह दी। अरुण और भुप्पी के पास काला राणा का फोन आया था।
इंचार्ज का कहना है कि यह हत्या रंगदारी न देने पर गैंगस्टर काला राणा के इशारे पर की गई थी। इससे पहले स्टाफ काला राणा के भाई नोनी राणा को भी जांच में शामिल कर चुका है। अब जल्द ही भुप्पी राणा को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये था मामला:
-कृष्णा कालोनी निवासी रघुनाथ का अमर मार्केट में श्रीगणपति वीजन शोरूम है। 28 अगस्त को वह शोरूम पर थे। वहां पर दो बदमाश आए और उन्हें गोलियां मारकर फरार हो गए। गोलिया लगने से रघु की मौत हो गई। इस दौरान रघु की पत्नी पूर्व पार्षद पुष्प लत्ता ने बताया था कि उनके पति से रंगदारी मांगी जा रही थी। 3-4 माह से वे परेशान थे। उनके पति ने अपनी परेशानी पुलिस से भी जाहिर की थी। रघु को गोलियां मारने के लिए बदमाश इससे पहले घर पर भी आए थे। तब उन्होंने खुद को पुलिस कर्मी बताया था। कुछ देर बाद ही बदमाश शोरूम पर आए ओर रघु का नाम पूछते हुए उन पर गोलियां दाग गए। तब गांधी नगर पुलिस ने रघु के शोरूम के सेल्समैन गुलशन की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया था। तब से सीआईए वन मामले की जांच कर रहा है।
वर्जन
सीआईए वन इंचार्ज मनोज कुमार का कहना है कि तीनों आरोपियों को पांच दिन का रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार, मोबाइल, वाहन व अन्य सामान बरामद किया जाएगा। साथ ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अभी तक की जांच में रंगदारी को लेकर बदमाश काला राणा ने हत्या करवाने की बात सामने आई है।