संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर गैंगवार में हुए ट्रिपल मर्डर के मामले में पुलिस ने शूटरों पर शिकंजा कस दिया है। शूटरों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगातार पूछताछ कर रही हैं। कुछ संदिग्ध नंबरों को भी पुलिस ने रडार पर लिया है। सूत्रों का दावा है कि पहचान होने के बाद अब शूटरों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कराया जा रहा है।
रादौर के खेड़ी लक्खा सिंह में बीते 26 दिसंबर को गैंगवार में तीन युवकों की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद से ही पुलिस लगातार शूटरों की तलाश कर रही है। पुलिस अब तक शूटरों की मदद करने वाले 11 सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके साथ ही पुलिस ने तीन शूटरों की भी पहचान कर ली है।
शूटर रोमिल वोहरा तथा हेमंत गिरी उर्फ अंकित गिरी यमुनानगर के रहने वाले हैं। शुभम पंजाब के जिला मोगा जिले का रहने वाला है। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही मामले दर्ज है। अंकित का नाम दो साल पहले डकैती में भी सामने आया था। तीनों शूटरों की पुलिस लगातार तलाश कर रही है। इसके लिए पुलिस उनके रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर चुकी है।
साथ ही कुछ संदिग्ध नंबरों की डिटेल भी खंगाली जा रही है। पुलिस की सर्विलांस टीम भी जुटी हुई है। हालांकि, अभी तक पुलिस को उनके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने उनके फोटो भी अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस से साझा किए हैं। डीएसपी राजेश ने बताया कि शूटरों की तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। सभी पर शिकंजा कसा जा रहा है। इनाम भी बढ़ाने की तैयारी है।