यमुनानगर। शातिर ठगों ने दंपती व उसके बेटे व बेटी को कनाडा भेजने के नाम पर 6.95 लाख रुपये ठग लिए। धोखाधड़ी का आरोप मोहाली के सेक्टर 60 स्थित रिचमांड कंसलटेंट कंपनी के प्रोपराइटर समेत चार लोगों पर लगा है।
आरोपियों ने 15 लाख रुपये में कनाडा भेजने का आश्वासन देकर उनसे छह लाख 95 हजार रुपये ले लिए। बाद में उन्हें विदेश नहीं भेजा।
विकास नगर निवासी सतपाल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा प्रदीप शर्मा, पुत्रवधू रंजना शर्मा अपने बेटे चिराग व बेटी आहना के साथ कनाडा जाना चाहते थे।
इस दौरान फेसबुक पर एक विज्ञापन से उन्हें पता चला कि मोहाली के सेक्टर 60 स्थित रिचमांड कंसलटेंट कंपनी लोगों को विदेश भेजने का काम करते है। एक मार्च 2023 को वह कंपनी के दफ्तर में गया। जहां उसकी मुलाकात कंपनी के प्रोपराइटर अमनदीप सिंह, करण रांगडा, सतबीर सिंह गुरु व पूजा से हुई। आरोपियों ने उसके बेटे प्रदीप व पुत्रवधू रंजना को वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का आश्वासन दिया।
इसके लिए आरोपियों ने 15 लाख रुपये का खर्च बताया। तीन लाख रुपये पहले और बाकी वीजा लगने के समय देने की बात कही। आरोपियों पर विश्वास करके उन्होंने तीन लाख रुपये व दस्तावेज आरोपियों को दे दिए। आरोपियों ने दो माह बाद वीजा का भरोसा दिया।
कुछ दिन बाद आरोपी कांसापुर रोड स्थित उसके बड़े बेटे राकेश शर्मा की दुकान पर आए। जहां आरोपियों ने उन्हें कहा कि उनके बेटे, पुत्रवधू व उनके बच्चों की फाइल तैयार हो गई है।
इसके बाद आरोपियों ने मेडिकल, बायोमेट्रिक व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर उनसे 3 लाख 95 हजार रुपये और ले लिए लेकिन काफी समय बीतने पर भी आरोपियों ने उन्हें कनाडा नहीं भेजा।