संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। मेहरा गांव में आठ दिन से ट्यूबवेलों की बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज किसानों ने वीरवार को बिजली निगम कार्यालय रादौर पर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का आरोप है कि बिजली न मिलने से धान की पौध, सब्जियों और पशुओं के चारे की फसल प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि गांव में पावर हाउस होने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। पोल लगाए जा चुके हैं, लेकिन तार बिछाने का कार्य धीमी गति से चलने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मेहरा फीडर के जेई मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण एसडीओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मुख्य गेट पर ताला लगाए जाने से बिल जमा कराने पहुंचे उपभोक्ताओं को भी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने बताया कि उनका बिजली बिल जमा कराने का अंतिम दिन था, जिससे उन्हें चिंता का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर एसडीओ दीपांशु धीमान मौके पर पहुंचे और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त श्रमिक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने कार्यालय के मुख्य गेट का ताला खोल दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में गुरप्रीत सिंह, राजेंद्र, रविंद्र, जसपाल, अजमेर, अमित बांगड़, रमेश कुमार, सौरभ, बलविंदर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।