संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के इम्तिहान की घड़ी करीब आते ही शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाले नगर निगम अफसर रैंकिंग में सुधार के लिए जोर लगा रहे हैं। गत वर्ष रैंक 51 पायदान नीचे गिर गई थी। इस बार रैंकिंग में सुधार के लिए निगम अफसर सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने की जुगत में हैं।
इसके लिए एक ओर कचरा उठान के टिपर बढ़ाने के साथ बाजारों व मार्गों से रात में कचरा उठान शुरू कर दिया गया है, वहीं कचरा निस्तारण में भी एजेंसी पर सख्ती कर तेजी लाई गई है। इसके अलावा शहर में दो जगह एमआरएफ सेंटर व चार सार्वजनिक शौचालय बनाने सहित 37 पुराने शौचालय की मरम्मत कराने की योजना है। साथ ही सफाई के लिए छोटी स्वीपिंग मशीन ली जा रही है। नगर निगम की ओर से 55 लाख रुपये से वार्ड-4 की इंदिरा कॉलोनी, 12 के गांव पांसरा व शादीपुर और वार्ड 18 के गांव बूड़िया जो में शौचालय बनाए जाएंगे।
साथ ही पुराने 37 शौचालयों की भी मरम्मत की जानी है, इनमें काफी शौचालयों की मरम्मत हो भी चुकी है। बाकी शौचालयों की भी जल्द मरम्मत कराई जाएगी। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह रखने के लिए मोबाइल टॉयलेट खरीदे जाएंगे। डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने के बाद रेहड़ी व छोटे वाहनों द्वारा उसे कचरा प्लांट पहुंचाने में अधिक समय लगता है, इसलिए निगम की ओर से गुलाबनगर व शादीपुर में दो पक्के एमआरएफ सेंटर बनने हैं।
यहां टिपर व अन्य छोटे वाहनों से कचरा डंप होगा फिर गीला व सूखा कचरा अलग-अलग किया जाएगा। यहां गीले कचरे से खाद तैयार करने को पिट भी बनेंगे और बाकी कचरे को ट्रैक्टर ट्रॉलियों व अन्य बड़े वाहनों से उसे निस्तारण के लिए कैल कचरा प्लांट पहुंचाया जाएगा। एमआरएफ सेंटर में शेड लेगेंगे और नीचे से सीमेंट कंक्रीट बेस होगा। एक जनवरी से नगर निगम का सफाई अभियान जारी है।