संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। निकाय चुनाव की आचार संहिता में सवा माह नए काम नहीं हो पाए, वहीं अब कई काम निविदाओं पेंच में लटक गए हैं। निविदाओं में ठेकेदारों व एजेंसियों का रुझान नहीं दिखा। नगर निगम अफसरों को पर्याप्त बिड न आने पर टेंडर रिकॉल करने पड़ गए हैं।
इनमें शहर के विश्वकर्मा चौक पर बस क्यू शेल्टर सहित 22.28 लाख रुपये के अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। बीती चार फरवरी को निकाय चुनाव की घोषणा पर आचार संहिता लागू हो गई थी, जो 12 मार्च को चुनाव परिणाम के बाद खत्म हुई। इस तरह करीब सवा माह शहर में नए विकास कार्य नहीं हो पाए।
इसके बाद आचार संहिता खत्म होते ही नगर निगम अफसरों की ओर से नए विकास कार्यों के टेंडर लगाने शुरू किए, लेकिन कई कामों के टेंडर में ठेकेदारों व एजेंसियों से बिड नहीं आई। ऐसे में यह टेंडर रिकॉल करने पड़े हैं। डी-प्लान का वित्त वर्ष-2024-25 का गांव बूड़िया में 7.58 लाख रुपये की लागत से जलघर के शौचालय बनाने का काम लंबित है, जिसका टेंडर रिकॉल किया गया है।
ऐसे ही डी-प्लान में वित्त वर्ष-2024-25 का शहर के विश्वकर्मा चौक पर 5.08 लाख रुपये की लगात से बस क्यू शेल्टर बनाने की सालभर से योजना बन रही है।
इसके लिए नगर निगम की ओर से कई बार टेंडर लगाए जा चुके हैं, पर ठेकेदारों व एजेंसियों के रूझान न मिलने पर टेंडर बार-बार रिकॉल करने पड़ रहा है। इसी तरह दोबारा यह टेंडर लगा है। इसके अलावा 9.62 लाख रुपये के अन्य सुंदरीकरण के कार्य का टेंडर भी रिकॉल किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर निगम अफसर ठेकेदारों की तलाश में जुट गए हैं।