संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। पांडो गांव में पाइप लाइन लीकेज होने से घरों दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे ग्रामीणों को बीमारियां फैलने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने जलापूर्ति विभाग से पाइप लाइन की मरम्मत कराकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीण प्रिंस, रणदीप व कुलदीप ने बताया कि उसने घरों की पेयजल आपूर्ति पाइप लाइन से हो रही है। यह पाइप लाइन गंदगी और कचरे से भरे खुले नालों से होकर गुजर रही हैं। इसकी वजह से ही नालों का गंदा पानी इन लीकेज पाइपों के जरिए पेयजल सप्लाई में मिलकर सारी सप्लाई को दूषित कर रहा है। इस बदबूदार दूषित पानी का सेवन करने से उल्टी-दस्त, पेट दर्द और त्वचा संक्रमण जैसी बीमारियों की चपेट में आने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग अपनी क्यारियों में भी पेयजल की लाइन से ही सिंचाई कर रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में जलापूर्ति विभाग के एसडीओ जफर इकबाल खान ने बताया कि मौके पर जांच करके पाइप लाइन की लीकेज को बंद किया जाएगा। इसके अलावा पेयजल की लाइन से क्यारियों की सिंचाई करने वालों को नोटिस थमाए जाएंगे।