मुख्य सचिव को भेजी शिकायत को दिखाते बिमल कुमार। संवाद
- फोटो : श्रावस्ती में कोयले की भट्ठी पर खाद्य पदार्थ बनाता कारीगर।
व्यासपुर। ग्राम पंचायत मलिकपुर बांगर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और करीब सवा करोड़ रुपये की लंबित रिकवरी नहीं करने पर व्यासपुर की कृष्णा कॉलोनी निवासी बिमल कुमार ने मुख्य सचिव और सीएम विंडो पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि अधिकारी जानबूझ कर मामले को दबाने में लगे हैं। इसलिए कई बार शिकायत करने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
बिमल कुमार ने मुख्य सचिव को भेजी शिकायत में कहा कि वर्ष 2010 से 2016 तक के पंचायत कार्यकाल में हुए आडिट में भारी वित्तीय गड़बड़ियां सामने आई थीं। लोकल ऑडिट विभाग और प्रधान महालेखाकार द्वारा की गई जांच में लाखों रुपये के भुगतान पर आपत्ति जताई गई थी और करीब सवा करोड़ रुपये की रिकवरी तय की गई थी। इसके बावजूद सरपंच और ग्राम सचिव से रिकवरी नही की गई। बीडीपीओ छछरौली कार्तिक चौहान ने बताया मुख्यालय से रिकवरी या अन्य कार्रवाई के कोई आदेश नहीं है। मुख्यालय से जो भी आदेश होंगे उसके आधार पर ही आगामी कार्रवाई होगी। संवाद