संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड नंबर 12 के बाड़ीमाजरा में करीब 2.47 करोड़ की लागत से सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। अनेक सुविधाओं से लेस इस सामुदायिक केंद्रों में जहां धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम करने के लिए बड़ा हॉल होगा। वहीं शादी करने की भी पूरी व्यवस्था होगी। निगम ने इसका टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर अलॉट होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
मेयर मदन चौहान ने बताया सामुदायिक केंद्र में पार्षद रूम, गेस्ट रूम, ड्रेसिंग रूम, केयर टेकर रूम, रसोई, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था होगी। गेस्ट रूम में जहां दूल्हा-दुल्हन आराम कर सकेंगे, वहीं ड्रेसिंग रूम में कपड़े बदल सकेंगे। इसके अलावा पार्षद कक्ष में पार्षद क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुन सकेंगे। सामुदायिक केंद्र की देखभाल करने वाले केयर टेकर के लिए अलग से कमरा होगा।
उल्लेखनीय है कि गांव बाड़ीमाजरा में कोई भी धार्मिक, सामाजिक व अन्य कार्यक्रम करने के लिए कोई भवन नहीं था। ग्रामीणों को गलियों व खुले प्रांगण में सामाजिक, धार्मिक व शादी समारोह करना पड़ता था। ग्रामीणों ने गांव में सामुदायिक केंद्र बनवाने की मांग रखी थी। इस पर संज्ञान लेते हुए मेयर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को सामुदायिक केंद्र के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए थे।
मेयर ने बताया नगर निगम की ओर से शहर के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे है। हर वार्ड में मॉर्डन सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। बाड़ीमाजरा में करीब 2.47 करोड़ से सामुदायिक केंद्र बनाया जाना है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर अलॉट होते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।