संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर एक के गांव रटौली में 23.29 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का नवीनीकरण किया जा रहा है। रविवार को महापौर सुमन बहमनी ने कार्य की आधारशिला रखी गई। नवीनीकरण के बाद ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
गांव में स्थित सामुदायिक भवन लंबे समय से ग्रामीणों के सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र रहा है। इसके नवीनीकरण की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब नगर निगम की ओर से इसके लिए बजट निर्धारित कर काम शुरू करवाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही भवन की स्थिति में भी सुधार होगा।
इस दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। गांवों की जरूरतों के अनुसार सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवीनीकरण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को इसका लंबे समय तक लाभ मिल सके।
साढ़ौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने कहा कि सामुदायिक भवन का नवीनीकरण होने से गांव के लोगों को अपने सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। पार्षद रीना रस्तोगी ने कहा कि गांव रटौली के लोगों की ओर से लंबे समय से सामुदायिक भवन के नवीनीकरण की मांग की जा रही थी। इस कार्य से ग्रामीणों की जरूरत पूरी होगी। वार्ड में अन्य विकास कार्य करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान भाजपा नेता डॉ. जगदीश मैहरमपुर, कर्म चंद रटौली, नंद लाल, सुमित ओबरॉय, मंडल अध्यक्ष जोनी राणा सहित अन्य उपस्थित रहे।