संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बे के डीएवी कॉलेज में चल रहे 44वें क्षेत्रीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थियों ने हरियाणवी लोक संस्कृति की छटा मंच पर बिखेरी। युवा महोत्सव में विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण का रास और भांगड़ा किया तो पूरा सभागार तालियों की आवाज से गूंज उठा। दर्शक सभागार में झूमने लगे। सुर-लय-ताल का यह संगम घंटों तक जारी रहा।
रंग बिरंगी पोशाक में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। हरियाणवीं लोक नृत्य पर विद्यार्थियों ने हूटिंग व सीटी से उत्साहवर्धन किया। दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि अग्रसेन कॉलेज के प्राचार्य व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कल्चरल काउंसिल अध्यक्ष डॉ. पीके वाजपेयी, मेजबान प्राचार्य डॉ. रणपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। छात्रों की प्रतिभा देख प्रधानाचार्य रणपाल सिंह और तमाम शिक्षकों का हृदय गदगद हो रहा था।
कई दिनों से महोत्सव को लेकर रात-दिन एक करने वाले राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर व महोत्सव संयोजक डॉ. तेजवीर ने कहा कि विद्यार्थियों ने उनकी मेहनत सफल कर दी है। युवा महोत्सव में पांच मंच पर कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। दूसरे दिन मंच पर रसिया ग्रुप डांस, वन एक्ट प्ले, ग्रुप डांस जर्नल, हरियाणवी स्किट, ग्रुप सॉन्ग हरियाणवी, इंडियन ऑर्केस्ट्रा, सांग, क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो, फोक सॉग इंस्ट्रूमेंट हरियाणवी, क्ले मॉडलिंग, कार्टूनिंग, कोलाज मेकिंग इत्यादि प्रतियोगिताएं हुईं।
दूसरे दिन के परिणाम
युवा महोत्सव के दूसरे दिन रसिया ग्रुप डांस, इंडियन आर्केस्ट्रा क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो में जीएनजी कॉलेज यमुनानगर प्रथम रहा। वन एक्ट प्ले ग्रुप डांस जर्नल ग्रुप सॉन्ग हरियाणवी फोक सोंग इंस्ट्रूमेंट सोलो हरियाणवी एमएलएन कॉलेज यमुनानगर ने बाजी मारी। मिमिक्री, कोलाज मेकिंग में राजकीय कॉलेज छछरौली अव्वल रहा। हरियाणवी स्किट व सांग में डीएवी कॉलेज साढौरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट सोलो क्ले मॉडलिंग में गुरु नानक खालसा कॉलेज यमुनानगर प्रथम रहा। डिकी मेशन संस्कृत, सिम्पोजियम में डीएवी गर्ल्स यमुनानगर ने प्रथम स्थान पाया।
युवा महोत्सव के दौरान राधा-कृष्ण व गोपियों का रूप धरे विद्यार्थी। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar