संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। क्षेत्र के नगली-32 गांव स्थित खनन जोन में सीएम फ्लाइंग ने स्क्रीनिंग प्लांट व स्टोन क्रशर में छापामारी की। इस दौरान क्रशर पर कच्चा माल भी पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि यह अवैध खनन सामग्री पास ही के एक खेत से खोद कर इन क्रशर पर बेची जा रही थी।
जिन लोगों ने क्रशर पर कच्चा माल खोदाई करके डाला उनके नाम लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों द्वारा नगली-32 स्थित आरआर स्टोन क्रशर को अनियमिताओं के चलते कुछ समय पहले सील किया हुआ था। स्क्रीनिंग प्लांट के मालिक को बाद में स्क्रीनिंग प्लांट चलाने की अनुमति मिल गई थी, लेकिन संचालक ने नियमों को ताक पर रखते हुए स्क्रीनिंग प्लांट की आड़ में स्टोन क्रशर भी चलाना शुरू कर दिया। जिसको विभिन्न विभागों की अनुमति के बिना चलाया जा रहा था।
सीएम फ्लाइंग को स्क्रीन प्लांट के आसपास बड़ी मात्रा में अवैध खनन के भी निशान मिले। टीम ने माइनिंग विभाग के अधिकारियों के साथ अवैध खनन किए गए स्थानों की पैमाइश करवाई गई। नगली-32 स्थित वैष्णवी स्क्रीनिंग प्लांट पर भी सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की गई। वहां मौजूद स्टॉक की पैमाइश की गई। अनियमितताओं की जांच टीम के द्वारा की जा रही है।
सीम फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया नगली-32 स्थित आरआर स्टोन क्रशर के अवैध खनन सहित विभिन्न गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर स्क्रीनिंग प्लांट को चलती हालत में पाया। जबकि प्लांट पर पिछले काफी समय से सील लगी हुई थी। आरआर स्क्रीनिंग प्लांट के संचालक काे कागजात दिखाने काे कहा गया, लेकिन कोई कागजात नहीं मिले। दोनों स्क्रीनिंग प्लांट पर मौजूद स्टॉक की जांच कर नोट कर लिया गया है। वहीं गोराबनी स्थित जमीन पर अवैध खनन किया गया है उसकी पटवारी द्वारा पैमाइश कर ली गई है।
सीएम फ्लाइंग ने बिजली निगम, प्रदूषण बोर्ड, राजस्व विभाग एवं खनन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जांच करने को कहा। स्क्रीनिंग प्लांट पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर का भी इस्तेमाल करते हुए पाया गया है। जिसकी जांच खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा की जाएगी।