साढौरा। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को ठाकुरद्वारा मंदिर श्री मनोकामना के निकट स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया पहुंचीं। उन्होंने झाडू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी है, हर एक व्यक्ति संकल्प ले कि हम अपने घर के आगे से साफ रखेंगे और कूड़ा किसी अन्य घर के दरवाजे पर नहीं डालेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता न केवल हमारे परिवेश की सुंदरता बढ़ाती है, बल्कि यह हमारे स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता से भी सीधा संबंध रखती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और प्लास्टिक और कचरे के उचित निस्तारण पर विशेष ध्यान दें। नगर पालिका की चेयरपर्सन शालिनी शर्मा, वाइस चेयरमैन देवेंद्र सिंह व पार्षदों ने आसपास के क्षेत्रों में झाड़ू लगाकर, कचरा एकत्रित कर और सफाई के प्रति जागरूकता फैलाकर योगदान दिया। इस दौरान नगर पालिका सचिव सुरेंद्र मलिक,थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन नायब सैनी, पार्षद संगीता ठुकराल, सुनीता रानी, सरजीवन व गोपाल सिंह मौजूद रहे।