व्यासपुर। ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री कपालमोचन में पांच दिवसीय मेला संपन्न होने के बाद प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई अभियान चलाया गया। एसडीएम व्यासपुर जसपाल सिंह गिल के निर्देशों पर सफाई ठेकेदार के कर्मियों द्वारा सफाई अभियान शुरू किया। एसडीएम ने दौरा कर सफाई कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी क्षेत्र सफाई से अछूता न रहे।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों से कहा कि मेले में जमा गंदगी को जल्द से जल्द हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाया जाए। मेले से सफाई कर गंदगी को कैल कचरा प्वाइंट पर भेजा जाएगा। गिल ने बताया कि कपाल मोचन क्षेत्र धार्मिक आस्था का केंद्र है जहां पूरा वर्ष विभिन्न धार्मिक उत्सवों व त्योहार पर श्रद्धालु पहुंचकर स्नान करते हैं। कपालमोचन के सरोवरों मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बने रहना बहुत जरूरी है। सफाई अभियान के तहत विशेष रूप से तीनों पवित्र सरोवरों, लंगर स्थलों, भंडारा क्षेत्रों, और मुख्य मार्गों की सफाई की जा रही है।
सफाई कर्मचारी द्वारा ट्रैक्टर ट्रॉलियों की मदद से कूड़ा उठाया जा रहा है। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की ओर से फॉगिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। मच्छरों के प्रकोप को रोकने और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरे मेला क्षेत्र, सरायों, धर्मशालाओं और आसपास के क्षेत्र में दवा का छिड़काव किया जा रहा है। जल्द ही पूरी गंदगी साफ करा दी जाएगी।