लाडो पार्क की सफाई करती महिलाएं। प्रवक्ता
यमुनानगर। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर नगर निगम की ओर से शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत मुख्य मार्गों, मार्केट क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, रिहायशी इलाकों और पार्कों की व्यापक साफ-सफाई कराई गई।
साथ ही नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित कर कूड़ा-कचरे का उचित निस्तारण किया गया। अभियान के दौरान रेलवे रोड, मीरा बाई मार्केट, न्यू मार्केट, छोटी लाइन और वर्कशॉप रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया। जहां नालियां और नाले जाम पाए गए, वहां विशेष अभियान चलाकर उन्हें साफ कराया गया।
नगर निगम द्वारा वार्ड-9 स्थित मॉडल कॉलोनी के महाराणा प्रताप पार्क और वार्ड-13 की जम्मू कॉलोनी स्थित लाडो पार्क में भी विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर पार्कों की सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ आकाश कुमार, दुर्गेश कुमार और गगन बेनीवाल ने लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। संवाद