रामपुर हेडियान गांव का 14 वर्षीय छात्र आर्यन स्कूल से लौटते हुए बाइक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आर्यन को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना बिलासपुर पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सिंदर ने बताया कि उसके बड़े भाई सतबीर का लड़का आर्यन उम्र 14 साल राजकीय स्कूल बिहटा में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। रोजाना की तरह आर्यन अपनी साइकिल पर बिहटा स्कूल में गया था। दोपहर तीन बजे स्कूल की छुट्टी होने पर आर्यन जब रामपुर हेडियान के पावर हाउस के नजदीक पहुंचा तो अचानक सामने से तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने उसको टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। आर्यन के सिर पर चोटें आई। समीप से गुजर रहे दो लड़कों ने आर्यन को बाइक पर बिठाकर इलाज के लिए रणजीतपुर के निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसकी हालत में सुधार न होता देख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर लाया गया, लेकिन घायल आर्यन की हालत गंभीर होता देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर यमुनानगर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। मृतक आर्यन तीन भाई बहन है। मृतक का एक बड़ा भाई व एक सात साल की छोटी बहन है। पुलिस ने मृतक के ताया की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।रणजीतपुर चौकी प्रभारी रमन चंदेल का कहना है मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। बाइक पर दो युवकों के सवार होने की सूचना मिली है। उनकी पहचान के लिए पुलिस लगी हुई है।