छछरौली। गांव बरौली माजरा में पढ़ने के लिए मस्जिद जा रहे पांचवीं कक्षा के छात्र को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्र उछलकर करीब दस फीट दूर खेत में जा गिरा। हादसा छात्र के घर के पास ही बिलासपुर-प्रतापनगर मार्ग पर हुआ। हादसे में घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। बच्चे के पिता की शिकायत पर छछरौली पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बरौली माजरा निवासी इमरान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। उसके तीन लड़के हैं। सबसे बड़ा बेटा दस वर्षीय सोहिल पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। रविवार की शाम उसका सोहिल पढ़ने के लिए पैदल मस्जिद जा रहा था। जब वह घर से करीब दस फीट दूर पहुंचा तो प्रतापनगर की तरफ से तेज रफ्तार बाइक आई। बाइक पर दो युवक सवार थे। आरोप है कि बाइक चालक ने सीधी टक्कर उसके बेटे को मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका बेटा उछल के करीब 10 फीट दूर जा गिरा। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद वह परिवार सदस्यों व पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचा। जब तक वह अपने बच्चे को संभालता रहा आरोपी बाइक सवार भी मौके से फरार हो गए। जाते समय उनकी बाइक का नंबर नोट कर लिया था। आरोपी बाइक सवार की पहचान अर्जुन माजरा निवासी कमल के रूप में हुई। उसने बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना छछरौली प्रभारी लज्जाराम का कहना है कि मामले में आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।