रादौर। शामली से अंबाला तक बनने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे को लेकर गांव घिलौर, धानुपुरा व बापौली में नेशनल हाईवे अधिकारियों व रादौर तहसीलदार के समक्ष किसानों ने आपत्तियां दर्ज कराई। अधिकारियों के समक्ष किसानों ने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत भूमि का सरकार से दिए जाने वाले मुआवजे को बहुत कम बताया और इस पर रोष जताया। किसानों ने चार गुणा अधिक दाम देने की मांग रखी। इस पर अधिकारियों ने मांग सरकार तक पहुंचाने की बात कही।
गांव घिलौर के ऋषि दत्ता, दरबारा सिंह, गुरदेव सिंह, हरमीत सिंह, निर्मल सिंह ने बताया कि सरकार ने शामली से अंबाला तक बनने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों की भूमि कम दामों पर अधिग्रहण की है। सरकार किसानों को कम से कम दो करोड़ रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दे। इससे कम मुआवजा उन्हें मंजूर नहीं है। उनकी मांग पूरी न हुई तो वे सड़कों पर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। साथ ही किसानों ने सरकार से हाईवे के साथ सर्विस लेन बनाकर देने की मांग की।
तहसीलदार रादौर सुरेश कुमार ने कहा कि हाईवे बनने के मामले को लेकर संबंधित किसानों से सोमवार को ली गई आपत्तियां सरकार को भेजी जा रही हैं।