यमुनानगर। शहर की कई कॉलोनियों में 40 वर्ष से अधिक पुरानी पेयजल लाइनें अब जर्जर हो चुकी हैं। क्षतिग्रस्त लाइनों के कारण सीवर और नालियों की गंदगी पानी के साथ लोगों के घरों तक पहुंच रही है। ऐसे में पेट दर्द, उल्टी-दस्त, त्वचा रोग जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद केवल अस्थायी मरम्मत कर दी जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। शहर की पुरानी कॉलोनियों जैसे पुराना शहर क्षेत्र, आजाद नगर, शिवपुरी और रामनगर में स्थिति सबसे खराब है।इन इलाकों में पेयजल पाइप लाइनें काफी पुरानी हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि काम में तेजी लाई जाए, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके।
ससौली रोड पर सीवरेज ओवरफ्लो ने बढ़ाई परेशानी
इधर, शहर के ससौली रोड पर लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो और जल निकासी की समस्या ने गंभीर रूप धारण कर लिया है। सड़कों पर बहता गंदा पानी अब आसपास के घरों में घुस रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय निवासी सुशील कुमार, बलवंत सिंह, पप्पू, पंकज, रीना, मीना, कमलेश और राकेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि सीवरेज लाइन लगातार जाम रहती है और बरसात के दिनों में हालात और भयावह हो जाते हैं।
...हो चुका घरेलू सामान खराब
यहां कई घरों में गंदे पानी के कारण फर्श, दीवारें और घरेलू सामान खराब हो चुके हैं। बदबू और संक्रमण के खतरे के चलते लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। सीवरेज के ओवरफ्लो से मच्छरों और कीटों की संख्या बढ़ गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया और त्वचा रोगों का खतरा बढ़ गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हाथ-पैरों में खारिश और संक्रमण की शिकायत हो रही है। ससौली रोड रोजाना कई गांवों को जोड़ता है और इस मार्ग पर वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भी फिसलन और जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही है।
पुराने नाले का हो चुका टेंडर जारी
वार्ड-20 के पार्षद विक्रम राणा ने बताया कि विद्यावंती स्कूल के पास बने 12 साल पुराने नाले का टेंडर जारी हो चुका है और पाइप डालने का काम चल रहा है। बुधवार दोपहर तक पाइप डालने का कार्य पूरा हो जाएगा। काम पूरा होने के बाद मिट्टी और आरसीसी डालकर स्थायी समाधान किया जाएगा। फिलहाल मोटर की मदद से पानी निकाला जा रहा है और एक माह में लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
वर्जन
किसी भी सूरत में जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। जहां-जहां सीवरेज की दिक्कत है, वहां की समस्या को दुरुस्त करने के आदेश दिए जा चुके हैं।
-सुमन बहमनी, मेयर यमुनानगर।
ससौली रोड पर गंदगी से अटा नाला। संवाद
ससौली रोड पर गंदगी से अटा नाला। संवाद