स्वीपिंग मशीन द्वारा की जा रही सफाई का जायजा लेती मेयर सुमन बहमनी।प्रवक्ता
- फोटो : 1
यमुनानगर। शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम यमुनानगर लगातार नए संसाधन जोड़ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को मेयर सुमन बहमनी ने गोविंदपुरी रोड पर सड़क की सफाई कर रही नई छोटी स्वीपिंग मशीन की कार्यप्रणाली का मौके पर निरीक्षण किया। नगर निगम द्वारा हाल ही में 31.50 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई इस मशीन को शहर के विभिन्न मार्गों और गलियों की सफाई के लिए प्रयोग में लाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने मशीन के संचालन की पूरी प्रक्रिया को देखा और अधिकारियों से इसके तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह छोटी स्वीपिंग मशीन खासतौर पर संकरे और व्यस्त मार्गों पर सफाई के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। मशीन के जरिए सड़क पर जमी धूल, मिट्टी, पत्ते और हल्का कचरा आसानी से साफ किया जा सकेगा, जिससे मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम होगी और समय की भी बचत होगी।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि आधुनिक मशीनों के उपयोग से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में गुणात्मक सुधार आएगा। उन्होंने सीएसआई विनोद बेनीवाल को निर्देश दिए कि मशीन से सफाई कार्य नियमित रूप से और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अधिक ट्रैफिक वाले मार्गों पर सफाई इस प्रकार हो, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेयर ने कहा कि नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण और स्वच्छ शहर की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। नई स्वीपिंग मशीन पर्यावरण की दृष्टि से भी लाभकारी है, क्योंकि इससे धूल उड़ने की समस्या कम होती है और वायु गुणवत्ता में सुधार होता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम की रीढ़ हैं और उनके सहयोग से ही शहर को स्वच्छ रखा जा सकता है।
सीएसआई विनोद बेनीवाल ने बताया कि इस नई मशीन से प्रतिदिन कई किलोमीटर सड़कों की सफाई संभव होगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।