यमुनानगर। बाल छप्पर में हुई फायरिंग और उसके बाद दो आरोपियों के हथियारों के साथ पकड़े जाने के मामलेकी जांच एसरी ने सीआईए-1 को सौंप दी है। थाने से फाइल सीआईए ट्रांसफर कर दी गई। अब सीआईए की टीम पूरे मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है।
पुलिस ने मंगलवार की रात को बाल छप्पर से दो आरोपियों गुरप्रीत और जसदीप को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 31 राउंड कारतूस और तीन पिस्तौल बरामद की थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला था कि दोनों किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर सात दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया था।
जांच में सामने आया था कि गुरप्रीत और जसदीप बाबू नाम के एक बदमाश से संपर्क है। जोकि वर्तमान में विदेश में है।
वहीं गिरोह में कई अन्य साथी भी हैं। उधर, मंगलवार को ही गुरप्रीत पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग भी की थी। जिस कारण पुलिस को गैंगवार होने की भी आशंका है। पुलिस अफसरों ने इस पूरे मामले को अब गंभीरता से लेते हुए इस मामले की जांच अब थाना छप्पर से लेकर सीआईए-1 को सौंप दी गई है।
पूरी फाइल को सीआईए कार्यालय में ट्रांसफर कर दिया गया है। साथ ही रिमांड पर लिए गए आरोपियों से भी अब सीआईए की टीम पूछताछ करेगी।
इस संबंध में सीआईए-1 इंचार्ज इंस्पेक्टर केवल सिंह ने बताया कि बाल छप्पर में हथियारों के साथ गिरफ्तार आरोपियों की फाइल सीआईए को ट्रांसफर हुई है।
गहनता से मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में खुलासा किया जाएगा।