संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मिल्क खास में शुक्रवार को तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। बच्चों ने झूले का लुत्फ उठाया और घेवर का आनंद लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत बच्चों को उनकी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना व समाज एवं अभिभावकों की विद्यालय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
सर्वप्रथम विद्यालय में अभिभावकों को दोपहर का भोजन कराया गया। विद्यालय में झूला डाल कर बच्चों एवं अभिभावकों ने झूले का आनंद लिया। बच्चों द्वारा मेहंदी एवं लोक गीतों पर आधारित लोकनृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय की ओर से बच्चों एवं अभिभावकों को घेवर व फिरनी मिठाई का वितरण किया गया। माताओं को विद्यालय की ओर से चूड़ियां, मेहंदी एवं मिठाई का उपहार दिया गया। अभिभावक विद्यालय कि इस गतिविधि में अपने आप को शामिल होने पर अभिभूत थे।मुख्य अध्यापक कर्म सिंह राठी ने उपस्थित अभिभावकों का धन्यवाद किया। अध्यापक पवन कुमार, मनीष कुमार व रणजीत ने आयोजन में सहयोग किया।