संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित नगर कीर्तन को सीएम नायब सैनी 18 को गुरुद्वारा डयोढ़ी साहब से रवाना करेंगे। इसकी तैयारियों के लिए शुक्रवार को बिजली नियामक बोर्ड के सदस्य मुकेश व पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने सिख संगत के साथ बैठक की।
उन्होंने नगर-कीर्तन में भाग लेने व कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर जिले में 18 से 21 नवंबर तक सिख संगतों के सहयोग से नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन साढौरा से 18 नवंबर को शुरू होगा, जिसे सीएम नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
पहले दिन नगर कीर्तन साढौरा से शुरू होकर दो सड़का, सरावां, पाबनी कलां, पाबनी खुर्द, बाल छप्पर, मंधार, महलांवाली, गुलाब नगर, भेड़थल, व्यासपुर होते हुए कपालमोचन पहुंचेगा। जहां नगर कीर्तन रात्रि ठहराव करेगा। नगर कीर्तन 19 नवंबर को कपालमोचन से शुरू होकर मलिकपुर बांगर, लेदी व प्रताप नगर जाएगा।
वहां से वह पूरे जिले में निकलेगा। इस दौरान गुरुद्वारा डयोढ़ी साहब में विशेष दरबार सजाने के अलावा लंगर भी बांटा जाएगा। इस बैठक में जिला परिषद के चेयरमैन रमेश चंद्र ठसका, मार्केट कमेटी के चेयरमैन नवीन भसीन, कुलविंद्र सिंह चड्ढा, इंद्रजीत सिंह ढिल्लों, इकबाल सिंह भाटिया व मिर्जापुर के महिंद्र सिंह भी मौजूद रहे।