संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर । मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व योजना के रजिस्ट्रेशन करवाने में दुकानदारों को परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दुकानदारों की मदद के लिए नगर निगम की ओर से कार्यालय में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। जहां पर पात्र दुकानदार योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करवाने से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त कर सकते है।
योजना के तहत नगर निगम की दुकानों में 20 साल या इससे अधिक समय से किरायेदार को मालिकाना हक पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए सरकार की ओर से पोर्टल खोला जा चुका है। कुछ दुकानदार संबंधित दस्तावेज पूरे नहीं कर पा रहे हैं। कुछ को ऑनलाइन आवेदन करने में दिक्कत आ रही है। निगमायुक्त अजय सिंह तोमर के निर्देशों पर दुकानदारों को हो रही इस दिक्कत को दूर करने के लिए हेल्प डेस्क की सुविधा की गई है। यह हेल्प डेस्क नगर निगम कार्यालय की रेंट ब्रांच में स्थापित की गई है, जहां पर दुकानदार योजना के तहत रजिस्ट्रेशन व आवेदन करवाने व नियमों से संबंधित कोई भी जानकारी ले सकते हैं। आवेदन करवाने के लिए दुकानदार को अपने सभी दस्तावेज लेकर आना जरूरी है।
ऐसे कर सकते है आवेदन
प्रॉपर्टी पर अपना मालिकाना हक जताने के लिए लाभपात्री को पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके साथ योग्यता संबंधित दस्तावेज, साइट प्लान, तल अनुसार निर्मित भवन प्लान स्वयं सत्यापित करके आवेदन के साथ देना होगा। आवेदन के साथ अधिकार को प्रमाणित करने के लिए निगम द्वारा जारी आवंटन पत्र, संपत्ति स्थानांतरण पत्र, वास्तविक आवंटी या उप किरायेदारी का समझौता पत्र, संबंधित संपत्ति को प्रमाणित करने वाला निगम का रिकार्ड, किराए की रसीद, बिजली या पानी कनेक्शन की प्रतिलिपि, संबंधित संपत्ति का सेल टैक्स, वैट, जीएसटी में से एक का संबंधित रजिस्ट्रेशन नंबर, आयकर रिटर्न या फायर एनओसी की प्रतिलिपि में से एक लगाना होगा। इसके बाद निगम अधिकारी इसकी जांच करेंगे। निर्धारित फीस जमा करवाने के बाद व्यक्ति को योजना का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व योजना के रजिस्ट्रेशन व आवेदन में लाभपात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए हेल्प डेस्क की सुविधा की गई है। दुकानदार आनलाइन भी किराया जमा करवा सकते हैं। दुकानदारों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक दुकानदार इस योजना का लाभ उठाएं। नगर निगम शहरवासियों को बेहतर सुविधा देने के लिए है। - अजय सिंह तोमर, निगमायुक्त यमुनानगर