साढौरा। खंड साढौरा की टोडरपुर व नान्हड़ी पंचायत में बनने चेक डैम का बजट पास होने के बाद अब जल्द ही नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह कार्य अटल भूजल योजना के तहत होगा।
दोनों जगहों पर 5.77 करोड़ रुपये से इन चेक डैमों का नवीनीकरण किया जाएगा। वहीं भोलीवाला व नयागांव के चेक डैम का नवीनीकरण के लिए 1.5 करोड़ रुपये का बजट भेजा हुआ है। जिसकी मंजूरी मिलनी बाकी है। क्षेत्र में चेक डैम बनने से जहां घाड़ क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा, वहीं फसलों में सिंचाई करने में आसानी होगी।
मौजूदा समय में इन चेक डैमों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। देखरेख के अभाव में इनमें गाद जमीं पड़ी है। बता दें ये चारों पंचायतें हिमाचल की पहाड़ियों से सटी हुई हैं। पहाड़ी क्षेत्र और गहरे जलस्तर के कारण यहां पानी की गंभीर समस्या रही, ऐसे में साल 2001-2002 में वन विभाग ने कंडी योजना के तहत इन पंचायतों के लिए चेक डैम बनाए गए थे।
चेक डैम बनाकर इन गांवों की स्थिति सुधारी गयी। वरदान साबित होने वाले ये चेक डैम अनदेखी के चलते गाद से भर गए। ऐसे में फिर से पानी की समस्या सामने आने लगी। यहां जल स्तर बहुत कम है और ग्रामीणों के अनुसार, 2001 से पहले यहां का भूजल स्तर 1050 फीट था।
इसके कारण खेती करना बहुत कठिन और महंगा मामला था। लेकिन अब गाद जमा होने के कारण इसकी क्षमता भी बहुत कम हो गई है, जैसे ही थोड़ी सी बारिश का पानी आता है तो पानी फैल जाता है। डैम की भंडारण क्षमता बहुत कम होकर नाममात्र की हो गई है। इससे ग्रामीण परेशान हैं। संवाद
टोडरपुर व नान्हड़ी का प्रपोजल मंजूर हो चुका है, जबकि भोलीवाली व नयागांव का पेंडिंग। उनका भी सप्ताहभर में अपडेट आने वाला है। चेक डैम के नवीनीकरण होने से घाड़ क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी, वहीं फसलों में सिंचाई की समस्या भी खत्म हो जाएगी साथ ही, क्षेत्र में सूखा भी खत्म होगा। - भूपेंद्र सिंह, आईईसी विशेषज्ञ अटल भूजल योजना।