यमुनानगर। बेटे को विदेश भेजने के नाम पर गांव चौराही निवासी मेहर चंद से 15 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप पंजाब के बरनाला के गागा पट्टी बाजार निवासी गुरमीत सिंह उर्फ गैरी पर लगा है। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेहर चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पुलिस विभाग में नौकरी करता था। वर्ष 2009 से 2021 में परिवार सहित पुलिस लाइन में रह रहा था। वर्ष 2021 में बाईं किडनी सिंक होने की वजह से बीमार होने पर पुलिस विभाग से वीआरएस लेनी पड़ी थी। इसके बाद से उसका इलाज पीजीआई में चल रहा है। अप्रैल 2020 में वह गुरमीत सिंह संधू के संपर्क में आ गए थे। उनसे अपने बेटे हर्ष का कनाडा का वीजा लगवाने के बारे में बात की तो आरोपी ने कहा कि उसका रिश्तेदार कनाडा में है। वह उनका काम करा देगा। इसके लिए उसने 25 लाख रुपये मांगे। उसकी बातों में आकर वह तैयार हो गए। आरोपी ने अलग-अलग कर उनसे लगभग साढ़े 15 लाख रुपये ले लिए लेकिन उनके बेटे का वीजा नहीं लगा। जब आरोपी से रुपये वापस मांगे तो वह टाल मटोल करने लगा। दबाव देने पर उसने एक चेक दिया। जब वह चेक बैंक में लगाया तो बाउंस हो गया। बाद में आरोपी ने रुपये देने से इंकार कर दिया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र राणा का कहना है कि आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।