संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राष्ट्रीय राजमार्ग हिसार-चंडीगढ़ से चंदाना गांव में जाने वाली मुख्य सड़क पानी की निकासी की समस्या व सड़कों पर बने बड़े गढ्ढों से बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों ने इस सड़क का निर्माण न होने के लिए सरपंच व कैथल एसडीएम पर उदासीनता का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि शनिवार को गांव का एक किसान अपनी धान की फसल को अनाज मंडी में लेकर जा रहा था तो सड़क खराब होने की वजह से किसान की ट्राली पलट गई, जिससे कि किसान की सारी मेहनत पर पानी फिर गया। धान की फसल इस नाले के पास गिरने से किसान को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हादसे पहले भी कई बार हो चुके हैं, फिर भी सरपंच व एसडीएम इस बात की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के गड्ढे जानलेवा बन चुके हैं। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की