संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी में ऑटोमोबाइल एजेंसी के ब्रांच मैनेजर की कार में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी गई। वहीं प्रतापनगर में मोबाइल फोन की दुकान जला दी गई। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरस्वती कॉलोनी जगाधरी निवासी पंकज भटनागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह महिंद्रा एजेंसी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। रविवार को वह अपनी कार बूड़िया चुंगी स्थित अग्रसेन चौक के पास खड़ी करके घर चले गए थे। सुबह कॉलोनी के एक व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी कि उनकी कार में आग लगी हुई है।
सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह जल चुकी थी। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें एक व्यक्ति वारदात करता दिखाई दिया। पंकज के अनुसार आरोपी ने पहले कार के शीशे तोड़े, फिर सीटों को फाड़कर फोम बाहर निकाला और आग लगाने का प्रयास किया।
जब आग नहीं लगी तो आरोपी बाहर से लकड़ियां लेकर आया और कार को जला दिया। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में ही उन्होंने करीब आठ लाख रुपये की नई कार खरीदी थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी करीब 28 मिनट तक कार के आसपास घूमता और वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। पंकज ने परिवार को भी खतरा होने की आशंका जताई है। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह के मुताबिक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
प्रतापनगर में मोबाइल की दुकान में लगाई आग
प्रतापनगर। कस्बे में मोबाइल फोन की में आग लगा दी गई। प्रतापनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श कॉलोनी कुटीपुर निवासी विशाल शर्मा ने शिकायत में बताया कि उनकी प्रतापनगर में शर्मा मोबाइल के नाम से दुकान है। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि दुकान में आग लगी है। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा सामान जल चुका था।
विशाल के अनुसार आग से दुकान में रखे 70 नए मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए 67 मोबाइल, स्पेयर पार्ट्स, चार्जिंग मशीन, कुर्सी, फोन टूल किट समेत अन्य सामान जल गया। दुकानदार ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें दो युवक जाते हुए दिखाई दिए। उन्होंने आशंका जताई कि इन्हीं युवकों ने दुकान में आग लगाई है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। संवाद