संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीसी प्रीति ने वीरवार को मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने कैंटीन की सुविधा न होने की समस्या प्रमुख रूप से उठाई। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कैंटीन के लिए प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
डीसी ने निरीक्षण के दौरान ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर, बुजुर्गों के लिए बनाए गए अलग वार्ड, डॉक्टरों के केबिन और कैंसर डे केयर वार्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत की। मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। साथ ही बताया कि अस्पताल परिसर में कैंटीन न होने के कारण उन्हें खाने-पीने के सामान के लिए बाहर बाजार जाना पड़ता है, जिससे उन्हें और उनके परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इस पर डीसी ने कहा कि कैंटीन शुरू करने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही टेंडर पूरा कर इसे चालू कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में बेतरतीब खड़े वाहनों पर भी डीसी ने आपत्ति जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शौचालयों की सफाई और रखरखाव में पाई गई खामियों को लेकर डीसी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से इस संबंध में तुरंत बातचीत कर सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता की भी जानकारी ली और कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। डीसी प्रीति ने सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह को अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, मरीजों को समय पर उपचार व दवाइयां उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।