नई दिल्ली के तिलक नगर से गुरुनानकपुरा में कुछ दिन पहले आए बुजुर्ग का शव सोमवार शाम को पश्चिमी यमुना नहर में हमीदा हेड के पास मिला।
बुजुर्ग चार दिन से लापता था। बुजुर्ग के पास से नकदी और लाखों रुपये के मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
नई दिल्ली के तिलक नगर निवासी प्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके पिता तेजिंद्र सिंह (60) कुछ दिन पहले गुरुनानकपुरा में आए थे। चार दिन पहले गुरुनानकपुरा से वे बाड़ीमाजरा की तरफ घूमने के लिए निकले थे लेकिन लौटे नहीं।
आशंका जताई जा रही थी कि बुजुर्ग पश्चिमी यमुना नहर में डूब गया है। तब से उसकी तलाश पश्चिमी यमुना नहर में की जा रही थी।
सोमवार दोपहर बाद गोताखोरों ने हमीदा हेड के पास से बुजुर्ग का शव पानी से निकाल लिया। मृतक के पास से तीन हजार रुपये की नकदी, हाथ में सोने का कड़ा, अंगूठी और लाखों रुपये के सोने के अन्य गहने मिले जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
उधर, हमीदा चौकी प्रभारी यशपाल नेहरा ने बताया कि पश्चिमी यमुना नहर से शव मिला है, लेकिन जहां से शव मिला है वह उनके क्षेत्र से बाहर है।
शनिवार को लापता होने का मामला हुआ था दर्ज : बुजुर्ग के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने पर उनके बेटे प्रीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अगवा करने का मामला दर्ज किया हुआ है। तब से बुजुर्ग की तलाश पुलिस और परिजनों द्वारा की जा रही थी।