संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के दिव्यांगजनों और व्योश्री योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए खंड स्तर पर निशुल्क जांच शिविर लगाए जाएंगे। जिला रेडक्रॉस समिति की ओर से एलिम्को के सहयोग से सात से 10 सितंबर तक शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस समिति की प्रधान प्रीति ने बताया कि शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की जांच एवं आवश्यकतानुसार नाप ली जाएगी। इसके बाद पात्र लोगों को एलिम्को के माध्यम से कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
सात सितंबर को सामुदायिक हॉल छछरौली में छछरौली व प्रतापनगर खंड, आठ सितंबर को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय व्यासपुर व साढौरा खंड, नौ सितंबर को बीडीपीओ कार्यालय सरस्वती नगर में सरस्वती नगर व रादौर खंड तथा 10 सितंबर को पंचायत भवन यमुनानगर में जगाधरी और नगर निगम यमुनानगर क्षेत्र के लिए शिविर लगाया जाएगा।
कार्यवाहक सचिव रेडक्रॉस संजीव धीमान ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिले पांच वर्ष पूरे नहीं हुए हैं तथा अन्य दिव्यांगजन और बुजुर्ग, जिन्हें सहायक उपकरण मिले तीन वर्ष पूरे नहीं हुए हैं, उनकी जांच शिविर में नहीं की जाएगी।