संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी कीरो से सरस्वती विद्या मंदिर जगाधरी में आयोजित अंबाला ग्रुप थल सैनिक कैंप सह संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन कैडेटों को नशा मुक्त हरियाणा अभियान की जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट तथा मैप रीडिंग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
विभिन्न सत्रों के माध्यम से कैडेटों को स्वास्थ्य जागरूकता, सैन्य कौशल और नेविगेशन संबंधी जानकारी प्रदान की गई। शिविर का आयोजन अंबाला ग्रुप एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रोहित सहगल के निर्देशानुसार 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज पारीक के नेतृत्व तथा लेफ्टिनेंट कर्नल कुमुद मैनी के प्रशासनिक मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कैडेट को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया हवलदार अरविंद ने युद्ध क्षेत्र में अपनाई जाने वाली तकनीकों, छलावरण एवं छिपाव, फील्ड मूवमेंट, निरीक्षण कौशल और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी।
सूबेदार गुरमीत सिंह ने मैप रीडिंग पर प्रशिक्षण सत्र करवाया गया। उन्होंने मानचित्रों, पारंपरिक चिह्नों, ग्रिड संदर्भों तथा किसी स्थान की पहचान करने की विधियों के बारे में जानकारी दी। शिविर में कैडेट ने सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। प्रशिक्षण से उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सैन्य अभिविन्यास को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।