संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। व्यापारियों को नई जीएसटी स्लैब की जानकारी देने और इसका लाभ बताने के लिए उद्देश्य से जिला कराधान एवं आबकारी विभाग की ओर से संवाद कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में शहर के कारोबारियों व व्यापारियों को बुलाया गया था। कारोबारियों ने जीएसटी को लेकर संशय व सवाल अधिकारियों से साझा किए।
कार्यक्रम में व्यापारियों व कारोबारियों ने जीएसटी संबंधी विभिन्न सवाल किए। कार्यक्रम में जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारी अदितेंद्र सिंह तक्षक मुख्य वक्ता रहे। वहीं, कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर मुख्यातिथि रहे। डीईटीसी अदितेंद्र सिंह तक्षक ने कहा कि व्यापारी जीएसटी दरों में बदलाव का अधिक से अधिक लाभ आम जनता को दिलवाना सुनिश्चित करें, ताकि हर कोई इससे लाभांवित हो।
उन्होंने कहा कि जीएसटी विभाग की तरफ से व्यापारी वर्ग को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। व्यापारियों के साथ लोगों को भी जीएसटी के कम रेटों के बारे में विस्तृत बताया जाएगा। इससे जीएसटी से होने वाले लाभों को खरीदार तक आसानी से पहुंचाया जा सके। बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी संबंधित कुछ समस्याएं डीईटीसी अदितेंद्र सिंह तक्षक के समक्ष रखीं। उन्होंने आश्वासन दिया इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवा दिया जाएगा।
इस दौरान पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि हाल ही में जीएसटी दरों में भारी कटौती करके सरकार ने हर वर्ग को राहत दी है। कार्यक्रम में संयोजक गिरीश पुरी, सह-संयोजक शिवकुमार कांबोज, सह-संयोजक व्यास गोयल, भारत गर्ग, अश्वनी, अध्यक्ष मनोज गुप्ता, चेयरमैन विपुल गर्ग, चेयरमैन राकेश त्यागी, कृष्ण सिंगला, जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, मंडल अध्यक्ष प्रियंक शर्मा, मंडल अध्यक्ष कृष्ण खदरी सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।