यमुनानगर। चांदपुर रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने आरोप लगाया कि रात के समय बुलडोजर की मदद से उसके प्लॉट की दीवार तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की गई।
पीड़ित ने बताया कि प्लॉट को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, लेकिन वह अदालत में मुकदमा जीत चुका है। इसके बावजूद दूसरे पक्ष ने कथित तौर पर जबरन दीवार गिरा दी। घटना के समय वह अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए जिले से बाहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर दीवार को तोड़ा गया।
वापस लौटने पर उसे मामले की जानकारी मिली। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके पास भी प्लॉट से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसलिए यह प्लॉट उसका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद