संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। जिले में हिंदू युवक मांगेराम से लव मैरिज करने वाली मुस्लिम युवती शबाना के कथित अपहरण के मामले में तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। आरोप है कि युवती को उसके मायके वालों ने जबरन अगवा कर लिया। घटना के बाद से शबाना का पता नहीं चल सका है, जिससे पुलिस और परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें हिमाचल प्रदेश में युवती के रिश्तेदारों और परिचितों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस ने शबाना के पैतृक गांव राजपुर में उसके घर पर भी छापा मारा, जहां घर पर ताले लटके मिले। मौके पर केवल एक बुजुर्ग मौजूद था, जिसने पुलिस को बताया कि उसे इस पूरे घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं है और न ही उसे यह पता है कि परिवार के अन्य सदस्य कहां गए हैं या कब लौटेंगे।
इस प्रकरण में सोशल मीडिया पर दुल्हन का 29 सेकेंड का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह कार में लेटी हुई नजर आ रही है। वीडियो में दुल्हन यह कहती दिखाई दे रही है कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई है और उसने अपने पति व जीजा सुमित पर सीधे आरोप लगाए हैं। वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वीडियो देखने वाले लोगों का कहना है कि यह बयान संभवत: किसी दबाव या जबरदस्ती में दिलवाया गया है।इस मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब अपहरण के बाद शबाना का 29 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में शबाना कार में सफर करती दिखाई दे रही है और किसी युवक की गोद में लेटी हुई नजर आ रही है। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि मांगेराम ने उससे जबरदस्ती कोर्ट मैरिज की और उसका धर्म परिवर्तन कराया। युवती ने मांगेराम के जीजा की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
वहीं, थाना प्रभारी छछरौली रोहतास ने बताया कि वीडियो को लेकर आशंका जताई है कि यह किसी दबाव में बनाया गया प्रतीत होता है। पुलिस का कहना है कि दुल्हन और अपहरण करने वालों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा, हिमाचल और यूपी में लगातार छापा मारा जा रहा है। इस मामले में जिन दो युवकों को नामजद किया गया है, उनके घर पर भी ताले लटके हुए हैं।